Bihar Weather Update Today! बिहार में 15 जनवरी तक कड़ाके वाली ठंड पड़ेगी….मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान पछुआ हवा की गति 15 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटे रह सकती है। इसके प्रभाव से अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने का पूर्वानुमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार सुबह के समय राज्य के अधिकांश हिस्सों में कुहासा छाये रहने की संभावना है।

जनवरी की शुरुआत से ही कनकनी वाली ठंड का सिलसिला जारी है। करीब सप्ताह भर पूर्व तीन दिन के लिए लोगों को असहनीय ठंड से राहत जरूर मिली थी, लेकिन पिछले पांच दिन से जिला एक बार फिर से शीतलहर की चपेट में है। आसमान में घना कोहरा छाये रहने के कारण धूप नहीं निकल पा रही है। उपर से लगातार सर्द बर्फीली हवा चल रही है, जो शरीर में ठिठुरन पैदा कर रही है। बुधवार को जहां दोपहर को थोड़ी देर के लिए धूप निकली थी,

तो गुरूवार को दिनभर लोग धूप निकलने का इंतजार करते रहे, लेकिन धूप नहीं निकली। इसके चलते लोगों को बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को अधिक ठंड महसूस हुई। सरेह से लेकर शहर और गांव की तमाम घरों, चौक-चौराहों व दुकानों के सामने अलाव जलाकर लोग ठंड से बचने की कोशिश करते दिखे। शुक्रवार को सुबह में भी कुहासे के कारण जनजीवन प्रभावित नजर आ रहा है।

पशुपालकों की बढ़ी चुनौती

पशुपालक राजेश कुमार, कृष्ण कुमार झा और अन्य ने बताया कि पशुपालकों के लिए मवेशियों को इस शीतलहर और बर्फीली हवा के बीच पड़ रही ठंड से बचाना किसी चुनौती से कम नहीं है। जिला कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ राम इश्वर प्रसाद से मिली जानकारी के अनुसार, भारत मौसम विभाग की ओर से जिले के लिए ठंड को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को स्वयं और घर के सदस्यों समेत मवेशियों को इस ठंड से बचाने की आवश्यकता है।

विशेषकर, बीमार, बच्चों और बुजुर्गों की विशेष देखभाल की आवश्यकता है। बताया कि मकर संक्रांति से पूर्व ठंड से राहत मिलती नहीं दिख रही है। पूर्वानुमान के अनुसार 14 जनवरी तक जिले का न्यूनतम पारा आठ डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। बता दें कि इस सीजन में जिले में अबतक आठ डिग्री न्यूनतम तापमान नहीं पहुंचा था।

नगर निगम क्षेत्र में 111 जगहों पर अलाव

जिले में पड़ रही शरीर को गला देने वाली ठंड और ठंड को लेकर जिले के लिए जारी यलो अलर्ट को देखते हुए नगर निगम की ओर से शहर में दो आश्रय स्थल संचालित किया जा रहा है। नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि शहर में 111 जगहों पर प्रतिदिन अलाव जलाने की व्यवस्था की गयी है। प्रत्येक जगह 40 किलो लकड़ी गिरवाया जा रहा है। स्थानीय लोगों, राहगीरों एवं असहाय लोगों को इसका लाभ मिल रहा है। आश्रय स्थलों पर गर्म बिस्तर और कंबल की व्यवस्था की गयी है, जहां आश्रय विहीन लोग इसका लाभ ले पा रहे हैं।

ठंड लगने से चौथी की छात्रा बेहोश

चोरौत प्रखंड के मध्य विद्यालय, यदुपट्टी में गुरुवार को ठंड लगने से एक छात्रा बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद विद्यालय में अफरातफरी मच गयी। चीख-पुकार मच गया। पीड़ित बच्ची कक्षा चार की अंचला कुमारी है। प्रभारी प्रधानाध्यापक रवि रंजन ने शिक्षकों के सहयोग से डरे हुए बच्चों को समझा-बुझाकर शांत कराया। स्थानीय पीएचसी प्रभारी को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही चिकित्सकों की टीम विद्यालय पहुंचकर बेहोश छात्रा की स्वास्थ्य जांच की और प्राथमिक उपचार के बाद जरूरी सलाह-सुझाव और दवाइयां बताकर बेड रेस्ट के लिए घर भेज दिया।